logo

बड़ी खबर : बक्सा भर दस्तावेज लेकर हेमंत सोरेन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने कोर्ट पहुंचे ED अधिकारी

a5410.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

रांची जमीन घोटाला केस में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी आज चार्जशीट दाखिल करेगी। दोपहर तकरीबन 4:30 बजे एजेंसी के अधिकारी बक्सा भर दस्तावेज लेकर कोर्ट पहुंचे। बताया जाता है कि ईडी 5500 पन्ने का दस्तावेज लेकर पहुंची है। ईडी, रांची के बड़गाईं अंचल में 8.5 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त सहित अन्य जमीनों की हेराफेरी मामले की जांच कर रही है। इस केस में ईडी ने 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन को लंबी पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री आवास से ही गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हेमंत सोरेन इस समय रांची के होटवार जेल में बंद हैं। वह न्यायिक हिरासत में हैं। हेमंत सोरेन पर आरोप है कि दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्होंने बड़गाईं अंचल की 8.5 एकड़ जमीन अपने नाम कर ली। 

अप्रैल 2023 में ईडी ने कई ठिकानों पर मारा था छापा
बता दें कि ईडी ने जमीन घोटाला केस के सिलसिले में अप्रैल 2023 में रांची, हजारीबाग, सिमडेगा सहित बंगाल और बिहार के कुछ ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस केस के सिलसिले में 4 मई 2023 को रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन को गिरफ्तार किया गया था। इस केस में बड़गाईं अंचल के तात्कालीन उपराजस्व निरीक्षक भानुप्रताप प्रसाद को भी गिरफ्तार किया गया था। अप्रैल में ही इस केस में कुल 7 लोगों को गिरफ्तारी की गई थी। ईडी, रांची में सेना जमीन घोटाला केस की भी जांच कर रही है। 

हेमंत सोरेन को कुल 10 समन भेजे गये थे
गौरतलब है कि रांची जमीन घोटाला केस में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने अगस्त 2023 से जनवरी 2024 के बीच कुल 10 समन भेजा। हेमंत सोरेन इनमें से केवल 2 बार हाजिर हुए। हेमंत सोरेन 8वें समन पर 20 जनवरी को पहली बार और फिर 10वें समन पर 31 जनवरी को पूछताछ के लिए उपलब्ध हुए। दिलचस्प बात ये भी है कि ईडी ने उनको खुद ही जगह और समय तय करने को कहा था। इससे पहले हेमंत सोरेन ने समन के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट और फिर हाईकोर्ट का रुख किया था लेकिन उनको राहत नहीं मिली। 
 

 

Tags - Jharkhand Land ScamHemant SorenEDJharkhand News