logo

ED ने हजारीबाग की 12 महिलाओं को भेजा नोटिस, माजरा क्या है

ूोूग.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के झरपो गांव की 12 महिलाएं अचानक से करोड़पति बन गई हैं। लेकिन करोड़पति बनने से ये महिलाएं खुश नहीं बल्कि परेशान हैं। ईडी पटना ने इन महिलाओं का खाता फ्रीज कर दिया है। सभी महिलाओं को ईडी ने नोटिस भेजा है। नोटिस के अनुसार, महिलाओं के बैंक खातों में कोलकाता से 3.90 करोड़ रुपये डाले गये थे। जिसमें से 3.25 करोड़ रुपये निकाले जा चुके हैं। बचे हुए 65 लाख रुपये में से छह लाख भी बाद में निकाल लिये गये हैं। इडी ने नोटिस भेजकर इन महिलाओं को अपना पक्ष रखने को कहा है। इस बाबत प्रभात खबर अखबार में एक खबर भी छपी है। 


महिलाओं को पैसे के बारे में कुछ नहीं पता 
जानकारी के मुताबिक जिन महिलाओं को नोटिस भेजा गया है वे बेहद गरीब और अशिक्षित हैं। उनको तो नोटिस के बारे में कुछ पता भी नहीं था। लेकिन बाद में गांव के कुछ पढ़े लिखे लोगों ने महिलाओं को नोटिस के बारे में बताया। महिलाओं कका कहना है कि इतनी बड़ी रकम के बारे में उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा है। महिलाओं ने बताया कि गांव की ही एक महिला ने उनका खाता खुलवाया था, यह कहकर कि वह रोजगार दिलाएगी। इसके बाद उसी महिला ने खाता का एटीएम कार्ड, पासबुक और चेक बुक अपने पास ही रख लिया था। उनको इस खाते के बारे में कुछ नहीं पता है। 


क्या है मामला 
दरअसल ईडी ने 27 और 28 दिसंबर 2023 को कोलकाता के एएफ 189/1, रवींद्रपल्ली, केस्टोपुर, निवासी रॉबिन कुमार यादव के आवासीय परिसर में छापामारी की थी। इस दौरान कई दस्तावेज बरामद किये गये थे। दस्तावेजों की जांच में यह सामने आया था कि रॉबिन यादव ने अपनी अवैध आय को छिपाने के लिए बड़ी राशि 12 महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की है। 


खाता खुलवाने वाली महिला की तलाश 
12 महिलाओं में से एक के बैंक खाते से जब छह लाख रुपये की निकासी हुई, तो बैंक प्रबंधन ने ईडी को इसके बारे में बताया। इसके बाद ईडी ने उन महिलाओं के बैंक खातों से फ्रीज करने का आदेश दिया। बैंक प्रबंधन के अधिकारी महिलाओं के बारे में पता लगाने के लिए गांव पहुंचे। यहां महिलाओं ने उन्हें उस महिला के बारे में बताया, जिसने उनका खाता खुलवाया था। अब उस महिला की तलाश की जा रही है।

फॉलोअप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंः-  https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn