द फॉलोअप डेस्क
राज्यपाल, मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन रेस हो गई। रांची को 6 जोन में बांटकर शार्ट, मीडियम और लॉन्ग टर्म के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में एक माह के अंदर सुधार किया जाएगा। इसको लेकर डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बैठक कर कई निर्देश दिए। उन्होंने 15 वर्ष से ज्यादा अनफिट वाहनों को चिन्हित कर हटाने के लिए डीटीओ को अभियान चलाने कहा। ट्रैफिक रूट कंट्रोल करने एवं ई-रिक्शा का जोन तय करने, सात दिन के अंदर ठेला वेंडर हटाने एवं लालपुर से कोकर चौक तक वेजिटेबल मार्केट शिफ्ट कराने का निर्देश दिया।

पिकअप-ड्रॉपिंग प्वाइंट पर रुकेगी स्कूल बस
रांची के सभी स्कूल बस का स्टॉपेज पिकअप एवं ड्रॉपिंग प्वाइंट पर ही होगा। इसके अलावा न हो इसे लेकर एसडीओ को निर्देश दिया गया। वहीं, 5-5 लोगों की टीम का गठन करते हुए राजेंद्र चौक, हाईकोर्ट एवं बिरसा चौक में कितना अवैध अतिक्रमण हैं, इसे चिन्हित कर हटाने कहा। उन्होंने कहा कि बिजली के खंभे, प्रचार बोर्ड, साईकल स्टैंड में लगे प्रचार सामग्री भी हटाएं।

न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड नागाबाबा खटाल में होगा शिफ्ट
न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड को नागबाबा खटाल में शिफ्ट किया जाएगा। इसको लेकर डीसी ने कहा कि जाम की समस्या ना हो इसको लेकर उन्होंने स्टैंड बदलने का निर्देश दिया। साथ ही नया ऑटो स्टैंड चिन्हित करने का निर्देश देते हुए नया ऑटो परमिट जारी नहीं करने कहा गया। उन्होंने यातायात पुलिस को जो उपकरण की आवश्यकता है उसकी सूची बना कर देने एवं इसके खरीद की राशि में लगने वाला व्यय की सूची देने का निर्देश दिया गया।

सड़क चौड़ीकरण के लिए टूटेगी सरकारी भवन-बाउंड्री
न्यू मार्केट के पास और अन्य जगह सरकारी भवन या बॉउंड्रीवाल को तोड़ कर सड़क चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों से डीसी ने मांगा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव के अनुसार इसे तोड़ कर सड़क चौड़ीकरण कर ट्रैफिक की समस्या को दूर करने का प्रयास होगा। डीसी ने विधि व्यवस्था व अन्य कार्य के लिए 10 बोलेरो खरीदने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
ई-रिक्शा चलाने के लिए अब डीएल अनिवार्य
बिना ड्राइविंग लाइसेंस के अब ई-रिक्शा नहीं चला पाएंगे। दरअसल कई नाबालिग बच्चे भी शहर की सड़कों पर ई-रिक्शा चलाते हुए नजर आ जाते हैं। ऐसे में डीसी ई-रिक्शा चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस कंपल्सरी करने का निर्देश डीटीओ को दिया। मतलब अब 18 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति ई रिक्शा नहीं चला पाएंगे। वहीं, डीसी ने न्यू मार्केट चौक, जेल चौक, लालपुर चौक, सुजाता चौक, शहीद चौक के जंक्शन को इम्प्रूवमेंट करने के निर्देश दिया। इसके अलावा महत्वपूर्ण चौक-चौराहों को लेफ्ट फ्री करने का निर्देश दिया।

भीड़भाड़ वाले इलाकों से मंदिर स्थान्तरित करने का मांगा प्रस्ताव
डीसी ने अरगोड़ा ऑटो स्टैंड के लिए स्थल चयन, फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने, पैदल चलने वालें नागरिकों की सुगमता हेतु पेबर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिया। वहीं, बकरी बाजार एवं डेली मार्केट थाना (मेन रोड) मल्टीस्टोरेज पार्किंग एवं नागा बाबा खटाल के पास ऑटो स्टैंड के लिए स्थल चयन एवं पार्किंग व्यवस्था करने की बात कही। साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों से मंदिरों को स्थान्तरित करने एवं यातायात कार्य के लिए होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति पर चर्चा करते हुए सभी पर संबंधित अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा गया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT