द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना अंतर्गत जंगली पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के बंकरों से भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है। यह अभियान प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ चलाया जा रहा है।

सर्च अभियान के दौरान बरामद सामग्री
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
वॉकी-टॉकी सेट
सेफ्टी फ्यूज
एरो बम असेंबली
इलेक्ट्रिक वायर
सिरिंज मैकेनिज्म
काला और हरा यूनिफॉर्म
ऐम्युनिशन पाउच
अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
गंभीर सुरक्षा खतरे को देखते हुए बरामद किए गए दो IED को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्प्रभावी किया गया। वहीं, बरामद नक्सली बंकरों को भी सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया।
अभियान में शामिल बल
चाईबासा पुलिस
कोबरा 209 बटालियन
पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा को 7 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के उग्रवादी छोटानागरा क्षेत्र के जंगली पहाड़ों में विस्फोटक छिपाकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर 8 जुलाई को चाईबासा पुलिस और कोबरा 209 बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन की शुरुआत की थी। सूचना के अनुसार, नक्सली संगठन के शीर्ष नेता, मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा समेत कई अन्य नक्सली अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा / कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। इसी के मद्देनज़र चाईबासा पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
