रांची:
12 जनवरी को कांग्रेस के प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक (Extended meeting of State Working Committee of Congress) होने वाली है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक 11 जनवरी 2023 को पूर्वाह्न 11 बजे जिमखाना क्लब, रामगढ़ में आहूत की गई है। बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीति हालात, नियोजन नीति, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, सरना धर्म कोर्ड, 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति, दलित उत्पीड़न के मामले, महिला सशक्तिकरण, भीड़-हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार -विमर्श किया जाएगा।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान कार्यक्रम की रूपरेखा
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि 12 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे से कटहल मोड़ स्थित लालगुटुवा रांची में झारखंड प्रदेश के नवगठित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति की बैठक भी आहूत की गई है। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के राज्य पर्यवेक्षक अर्जुन मोडवारिया, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर के0 राजू आदि भी उपस्थित रहेंगे। विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम की सफल आयोजन, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीति तथा संगठन सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श किया जाएगा।