द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले में डीसी कंचन सिंह के नाम पर बार-बार फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आ रहा है, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है। ताजा मामले में डीसी के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर जिलेवासियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। कुछ दिन पहले भी डीसी सिमडेगा कंचन सिंह की तस्वीर का इस्तेमाल कर 'पूजा कुमारी' नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी, जो जिले के लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रही थी। मामला सामने आने पर जिला प्रशासन के निर्देश पर आईटी सेल ने उस आईडी को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की थी।
लेकिन यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। एक बार फिर डीसी सिमडेगा के नाम से एक नई फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है, जो फिर से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रही है। बार-बार इस तरह की घटनाओं के बाद डीसी सिमडेगा इस मामले को लेकर गंभीर हो गई हैं। डीसी कंचन सिंह ने आईटी सेल को निर्देश दिया है कि फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी फर्जी फेसबुक आईडी की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
