द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने बिरसानगर के दुखुडीह जंगल में चल रही नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को उत्पाद विभाग की टीम ने जंगल में छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 137.755 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही लगभग दो हजार विभिन्न ब्रांड के कॉर्क और लेबल भी जब्त किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आबकारी विभाग के अवर निरीक्षक रामदेव पासवान ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री का संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जब्त की गई शराब में मैकडॉवेल नंबर वन, आइकॉनिक व्हिस्की, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, ब्लेंडर प्राइड सहित कई प्रसिद्ध ब्रांडों की नकली व्हिस्की शामिल है। इनमें 100 लीटर शराब प्लास्टिक के दो बड़े जारों में और 37.755 लीटर बोतलबंद रूप में बरामद की गई है। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, रामदेव पासवान, सहायक अवर निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, रामहरि महतो और अन्य आरक्षी बल के जवान शामिल थे।
