logo

बोकारो डीसी अजय नाथ झा के नाम से फर्जी WhatsApp और Facebook अकाउंट, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

बोकारो डीसी अजय नाथ झा के नाम से फर्जी WhatsApp और Facebook अकाउंट, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

साइबर अपराधियों ने अब बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा की पहचान का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर WhatsApp और Facebook पर फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं। 16 नवंबर को डीसी के नाम से फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया। इसके अगले दिन 17 नवंबर को Facebook पर भी उनकी आधिकारिक तस्वीर के साथ फर्जी प्रोफाइल तैयार की गई। जिला जनसंपर्क कार्यालय ने दोनों मामलों में अलग-अलग विज्ञप्ति जारी कर आम लोगों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सतर्क रहने की अपील की है।

फर्जी नंबर से अधिकारियों और आम नागरिकों को भेजे जा रहे संदेश

जिला प्रशासन के अनुसार, 16 नवंबर को साइबर अपराधियों ने उपायुक्त अजय नाथ झा की तस्वीर का इस्तेमाल कर मोबाइल नंबर +91 9739811309 से फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया। इस नंबर से अधिकारियों और आम नागरिकों को संदेश भेजे जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह डीसी का आधिकारिक मोबाइल नंबर नहीं है। उपायुक्त बोकारो का आधिकारिक संपर्क नंबर 9470526005 है। इसी तरह 17 नवंबर को Facebook पर भी उनके नाम और आधिकारिक तस्वीर के साथ फर्जी प्रोफाइल बनाई गई, जिसके माध्यम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि इन दोनों फर्जी अकाउंट का उपायुक्त से कोई संबंध नहीं है।

पैसे मांगने या संदिग्ध लिंक भेजने पर न करें भरोसा

जिला प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि फर्जी अकाउंट से पैसे मांगे जाने, किसी तरह का प्रलोभन दिए जाने या संदिग्ध लिंक भेजे जाने पर कोई प्रतिक्रिया न दें। ऐसे अकाउंट को तत्काल ब्लॉक कर संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या अन्य निजी विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि साइबर ठगी का शिकार होने या ठगी का प्रयास किए जाने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी थाना या साइबर थाना में भी शिकायत करें। किसी संदिग्ध संदेश या सोशल मीडिया गतिविधि पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति या कार्यालय से आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।

Tags - Bokaro News Cyber Crime Jharkhand News Social Media Fraud District Administration