logo

हजारीबाग : FCI सचिव ने गोदाम, पैक्स, और जन वितरण केंद्र का किया निरीक्षण, फोर्टिफाइड चावल की दी जानकारी

fci_hazaribagh_secratary.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय खाद्य निगम के सचिव संजीव चोपड़ा का हजारीबाग में एक दिवसीय दौरा संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने हजारीबाग में एफसीआई गोदाम, पैक्स और जन वितरण प्रणाली केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने एफसीआई गोदाम में अनाज के रखरखाव, भंडारण और जन वितरण केंद्र तक उसकी आपूर्ति की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने सलगांवा पैक्स और जन वितरण प्रणाली केंद्र का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि हजारीबाग आकांक्षी जिला है और कई अहम बिंदुओं पर निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग के पदाधिकारियों से वार्ता भी की जा रही है कि किस तरह से योजना का लाभ लाभुकों तक पहुंच रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सलगांवा पैक्स के किसानों से भी बातचीत की। पैक्स अध्यक्ष के साथ किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में झारखंड सरकार के सचिव से वार्ता हुई है, जिसमें कहा गया है कि किसानों को समय पर धान का भुगतान हो, यह बेहद महत्वपूर्ण है। इससे किसानों का विश्वास बढ़ता है।
इस दौरान उन्होंने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना फोर्टिफाइड चावल के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा, "1 अगस्त 2024 से हर एक जन वितरण प्रणाली केंद्र तक यह चावल पहुंच रहा है, जिसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी12 जोड़ा गया है।" इसका मुख्य उद्देश्य कुपोषण से लड़ना है। निरीक्षण के बाद पैक्स संचालक, उपभोक्ता और जन वितरण प्रणाली के संचालकों ने बताया कि पदाधिकारियों ने कई अहम जानकारियां दीं और कई बिंदुओं पर जानकारी भी ली। सभी ने बताया कि पदाधिकारी संतुष्ट दिखे।


 

Tags - latest jharkhand News jharkhand Updates Latest jharkhand news FCI News FCI Updates Latest FCI News FCI hazaribagh News hazaribagh FCI Godown latest FCI Godown News latest jharkhand News Jharkhand Updates latest Jharkhand News