द फॉलोअप डेस्क
पलामू। शहर थाना क्षेत्र के कांदू मोहल्ला गैस गोदाम रोड में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में अजीत कुमार गुप्ता (52 वर्ष) एवं नवीन प्रसाद (45 वर्ष) गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के बाद अजीत कुमार गुप्ता की हालत में सुधार है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, जबकि नवीन प्रसाद की स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए नवीन प्रसाद को रिम्स, रांची रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के कारण इलाके में दहशत का माहौल है।