द फॉलोअप डेस्क
भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चलाए जा रहे वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 19 जुलाई (शनिवार) को विशेष वित्तीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिले के 20 पंचायतों में संबंधित बैंकों की शाखाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करना है।
इस अभियान के तहत शिविरों में नागरिकों को कई वित्तीय सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इनमें निष्क्रिय जनधन खातों का पुनः KYC (Re-KYC), नये जनधन खातों का खोलना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) में नामांकन, खातों में नामांकनकर्ता (Nominee) जोड़ने की सुविधा, और साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल लेन-देन संबंधी जागरूकता शामिल हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर उनकी वित्तीय सुरक्षा और सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
19 जुलाई को आयोजित होने वाले इन शिविरों का संचालन पूर्वी सिंहभूम जिले के 20 पंचायतों में किया जाएगा। इनमें प्रमुख पंचायतें हैं: जिन पावड़ा, बरडीकानपुर-कालापथर, छोटागोविंदपुर (पश्चिम), कालीमाटी (पूर्व), जमुवा, बांकिशोल, सिंहपुरा, बनकुचिया, गोहला, मोहलीशोल, पोराडीहा, घाघीडीह (पश्चिम), खरिदा, लुवाबासा, नारदा, बादिया (उत्तर), दीघी, पाटपुर, गंगाडीह, और बेनाशोल पंचायतें शामिल हैं।
