logo

निकाय चुनाव : ‘बिस्किट’ बांटना पड़ा भारी, चाईबासा में अध्यक्ष प्रत्याशी रमेश खीरवाल पर केस दर्ज

BISCUIT022NEW.jpg

चाईबासा
नगर परिषद चुनाव के बीच अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खीरवाल उर्फ लड्डू पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि ‘बिस्किट’ चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद उन्होंने प्रचार के दौरान मतदाताओं के बीच खाने के लिए बिस्किट का वितरण किया।
मामले की जानकारी मिलते ही चुनाव ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेट ने इसे गंभीरता से लिया। प्रथम दृष्टया इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए मजिस्ट्रेट ने लिखित शिकायत भेजी और सदर थाना चाईबासा में प्राथमिकी दर्ज कराने का आवेदन दिया। थाना प्रभारी तरुण कुमार ने पुष्टि की है कि शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया है।


प्रलोभन देने पर सख्ती
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार का प्रलोभन देना नियमों के विरुद्ध है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा सकती है। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास बताया है। हालांकि, प्रत्याशी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए हर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी।


 

Tags - Jharkhand Urban Polls BJP Supported Candidate Biscuit Symbol Controversy Magistrate Complaint Election News Update