logo

पहले फेसबुक पर लाइव आई, फिर नदी में कूद कर की आत्महत्या; पति और सास-ससुर पर लगाये ये आरोप 

drowning6.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड के रजरप्पा से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां बुधवार सुबह 11 बजे रजरप्पा की दामोदर नदी में एक महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर छलांग लगा ली। घटना मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पास की है। महिला ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर अपने पति और सास-ससुर पर आत्महत्या का दबाव डालने का आरोप लगाया है। महिला की पहचान बालीडीह थाना के कराड़िया जैनामोड़ की राखी कुमारी (25) के रूप में की गयी है। राखी की 2 वर्ष और 8 माह की 2 बेटियां हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार राखी ने पहले फेसबुक पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें लिखा था कि मैं दुनिया छोड़ कर जा रही हूं। मेरी मौत के जिम्मेवार मेरे पति व सास-ससुर हैं। इसके बाद राखी ने फेसबुक पर लाइव आकर नदी में छलांग लगा दी। आसपास के मछुआरों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन गहरे पानी में जाने से उसकी मौत हो गयी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी रजरप्पा पुलिस को दी। रजरप्पा थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और अवर निरीक्षक विकाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंची और महिला की खोज में लग गयी। 

बताया जा रहा है कि महिला की शादी वर्ष 2020 में देवेन्द्र धर से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के बीच लड़ाइयां शुरू हो गयीं। इसी के कारण वर्ष 2021 में महिला के पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी। वहीं महिला के पति देवेन्द्र धर इन सभी आरोपो से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों की बीच कोई विवाद नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags - झारखंड रजरप्पा फेसबुक लाइव आत्महत्या Jharkhand Rajrappa Facebook Live Suicide