रांची:
रांची में झारखंड कांग्रेस विधायक दल (CLP) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी बजट सत्र को लेकर रणनीति तय की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित कांग्रेस के मंत्रीगण और विधायकगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर व्यापक चर्चा हुई। राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक न्याय की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सदन में उठाएगी और विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायती राज से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें। बैठक में संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने, विधायी रणनीति को धार देने और बजट सत्र के दौरान जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
