logo

पूर्व सीएम रघुवर दास ने जीएसटी सुधारों को बताया आम जनता और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत

raghu_bhaiii.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को जमशेदपुर परिसदन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक ‘नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार’ को आम जनता और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत करार दिया। रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद द्वारा लिए गए फैसले देश की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील के पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में विभिन्न टैक्स के जाल को खत्म करके जीएसटी व्यवस्था लागू की गई थी। इसके बाद से देश के राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। वित्त वर्ष 2017-18 में जहां राजस्व 82,000 करोड़ था, वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में यह बढ़कर औसत 2,04,500 करोड़ तक पहुँच गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी 22 सितंबर से पवित्र नवरात्रि के दिन लागू होने वाले इन नए सुधारों से देशवासियों को त्योहारों से पहले बड़ी राहत मिलने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके साथ ही जूते, मनिहारी, किराना सामान, मोटरसाइकिल, छोटी कारें, दवाइयां, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कृषि उपकरण, हस्तशिल्प, बांस आधारित उद्योग, टाइल्स, सीमेंट और कई आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती की गई है। इस फैसले से आम जनता के जीवन स्तर में सुधार होगा और औद्योगिक उत्पादन को भी गति मिलेगी, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड जैसे राज्य के लिए यह निर्णय वरदान साबित होंगे। टैक्स में राहत से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जिससे जीवन स्तर सुधरेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही रियायतों के माध्यम से टैक्स संग्रहण में भी बढ़ोतरी होगी।

रघुवर दास ने झारखंड की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से टैक्स सुधारों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उनका कहना था कि यह कदम भारत को अगले 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा इस प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा और महानगर के जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी उपस्थित रहे।

 


 

Tags - Latest Jharkhand news Raghuvar Das news Raghuvar Das News updates latest jharkhan news Jharkhand news updates latest updates jharkhand news updates latest jharkhand news