द फॉलोअप डेस्क
गुमला पुलिस को 7 जुलाई को बड़ी सफलता मिली जब प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के पूर्व एरिया कमांडर प्रवीण एक्का उर्फ अड़िया और उसके सहयोगी छोटू नायक को डुमरी थाना क्षेत्र के तांती गांव के जंगलों से गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गईं।
मुख्यमंत्री झारखंड सरकार और महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर यह जानकारी मिली थी कि जेजेएमपी का सक्रिय पूर्व एरिया कमांडर प्रवीण एक्का अपने दस्ते के साथ डुमरी थाना क्षेत्र के तांती जंगलों में भ्रमणशील है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना में है।
पुलिस अधीक्षक गुमला के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने तांती गांव के जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की, जहाँ कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख जंगल की ओर भागने लगे। टीम द्वारा पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान
प्रवीण एक्का उर्फ अड़िया, उम्र करीब 28 वर्ष, पिता स्व. अमरूस एक्का, निवासी – सिरसी, थाना – डुमरी, जिला – गुमला (एरिया कमांडर, जेजेएमपी)
छोटू नायक, उम्र करीब 27 वर्ष, पिता – ननका नायक, निवासी – पुटरूंगी, थाना – डुमरी, जिला – गुमला
पूछताछ और तलाशी के दौरान प्रवीण एक्का के पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन, तीन जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन जबकि छोटू नायक के पास से एक सिक्सर, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब उनसे हथियारों के वैध कागजात मांगे गए, तो वे प्रस्तुत नहीं कर सके। बिना अनुज्ञप्ति के आग्नेयास्त्र और गोलियों का रखाव व उपयोग अपराध की श्रेणी में आता है।
जप्त सामग्री
पिस्टल – 01
सिक्सर – 01
मैगजीन – 01
जिंदा गोली – 05
मोबाइल फोन – 02
प्रवीण एक्का उर्फ अड़िया के विरुद्ध विशुनपुर थाना कांड संख्या 23/25, दिनांक 24.06.2025, धारा 25(1-A)/23/25 आर्म्स एक्ट एवं 17 CLA एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
छापामारी टीम में शामिल पदाधिकारी एवं कर्मी
ललित मीणा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर
एसआई अनुज कुमार, थाना प्रभारी, डुमरी
एसआई मनोज कुमार, डुमरी
एसआई मो. जहांगीर, नक्सल शाखा
स.अ.नि. रविंद्र भारती, डुमरी
आरक्षी 32/ नीरज तिवारी, अभियान शाखा
डुमरी थाना रिजर्व गार्ड
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रसारित किया जा रहा है। गुमला पुलिस द्वारा यह कार्रवाई नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
