logo

दुखद : पूर्व मंत्री समरेश सिंह का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर 

samesh.png

रांची:
झारखंड के पूर्व मंत्री सह बोकारो के पूर्व विधायक समरेश सिंह (Samresh Singh) का निधन हो गया है उन्होंने 81 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। उन्होंने बोकारो सेक्टर 4 सिटी सेंटर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांसे ली। समरेश सिंह पिछले काफी वक्त से बीमार चल रहे थे। बीते 13 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल(Medanta Hospital) में भर्ती कराया गया था। जहां से 2 दिन पहले ही इलाज करा कर अपने घर लौटे थे। उनके निधन के खबर के बाद से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। उनके आवास पर उनके समर्थक के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भीड़ लगी है। उनके निधन पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शोक जताया है।


 

राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई 
राज्य के सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा है कि झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और बोकारो से पूर्व विधायक आदरणीय समरेश सिंह जी के निधन की खबर से आहत हूँ। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। आदरणीय समरेश जी के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

 

राजेश ठाकुर ने जताया दुख

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि अत्यंत दुखद ख़बर। हम सभी के दादा पूर्व मंत्री आदरणीय समरेश सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके समस्त परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें । शत् शत् नमन । विनम्र श्रद्धांजलि

 

मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति
बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा कि झारखंड के पूर्व मंत्री सह बोकारो के पूर्व विधायक और मेरे राजनीतिक अभिभावक रहे आदरणीय समरेश सिंह जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति हैं। उन्होंने हमेशा एक अभिभावक की तरह मेरा मार्गदर्शन किया हैं। ईश्वर परिजनों को दुख सहने का साहस दें और दिवंगत आत्मा को शांति दें विनम्र श्रद्धांजलि!