logo

लोहरदगा : तालाब से बरामद हुआ पूर्व नक्सली संजय भगत का शव, हत्या की जताई जा रही आशंका

naksali_bhagat.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अरकोसा पत्थर खदान स्थित तालाब से प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के पूर्व नक्सली संजय भगत का शव सोमवार सुबह बरामद किया गया। 28 वर्षीय संजय भगत भक्सों हरा टोली का रहने वाला था और बीते शुक्रवार से लापता था। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, संजय भगत की हत्या कर उसके शव को पत्थरों से बांधकर तालाब में फेंका गया था। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के कई निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। संजय भगत के लापता होने के बाद परिजनों ने सदर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तब सोमवार सुबह गांव के पास ही स्थित खदान के तालाब से उसका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बता दें कि मृतक संजय भगत पूर्व में पीएलएफआई से जुड़ा रहा है और इसी संबंध में उसे कई बार जेल भी जाना पड़ा था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


 

Tags - latest Jharkhand News L:ohardaga News PLFI naxcal Ashok bhagat Body Found Latest Jharkhand News lohardaga Updates latest jharkhand News jharkhand Updates latest jharkhand news Jharkhand updates in Hindi latest news