logo

नाबालिग है गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड की पीड़िता, POCSO एक्ट में होगी कार्रवाई

नाबालिग है गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड की पीड़िता, POCSO एक्ट में होगी कार्रवाई

सरायकेला-खरसावां:

Jharkhand News: गम्हरिया थाना रेप केस ( Gamharia Police Station Rape Case) की पीड़िता के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। मामले में अब पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि पीड़िता की पहचान उसके परिजनों ने समाचार माध्यमों में प्रकाशित तस्वीरों के जरिए की। बताया गया कि उसके स्वजन ओडिशा के मयूरभंज और बड़बिल क्षेत्र में रहते हैं। परिजनों के अनुसार, युवती करीब 6 माह से लापता थी। परिजनों को जब गम्हरिया थाना परिसर में हुई घटना की जानकारी मिली, तो वे मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की मदद से गम्हरिया पहुंचे।

पुलिस ने कथित पति को गिरफ्तार किया
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शंकर दास नामक युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया था और उसे पत्नी के रूप में रख रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शंकर दास को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को भगाकर ले जाने के मामले में उसके खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

आरोपी पुलिसकर्मियों की मुश्किलें और बढ़ी
पीड़िता के नाबालिग होने की पुष्टि के बाद गम्हरिया थाना कांड में पहले से गिरफ्तार आरोपित पुलिसकर्मियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। मामले में मुख्य आरोपी सिपाही समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़े जाने की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि घटना सामने आने के बाद सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तात्कालीन थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। वहीं, मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपितों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

गम्हरिया थाने में नए सिरे से पुलिस बल की तैनाती
इधर, 29 अक्टूबर से प्रभावित गम्हरिया थाना में अब पुलिस व्यवस्था को नए सिरे से बहाल किया गया है। नए थाना प्रभारी राजेश टुडू के नेतृत्व में नए पुलिस बल ने जिम्मेदारी संभाल ली है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग और गश्ती व्यवस्था को भी सक्रिय किया गया है। फिलहाल नाबालिग को बाल संरक्षण आयोग के समक्ष भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Tags - Jharkhand NewsRapeGamharia Rape CaseSaraikela Kharsawan