चंदन/गढ़वा
गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में स्थित मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। 1 मई 2026 की रात हुई इस वारदात में चोरों ने दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया था और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।

विशेष टीम ने आरोपी को दबोचा
जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान से 37,000 रुपये नकद, सोने का लॉकेट, एक जोड़ी कान का टॉप और नथिया चोरी की थी। मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह और रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार भी शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने महुलिया गांव निवासी 23 वर्षीय मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।

चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 22,500 रुपये नकद, एक जोड़ी कान का टॉप, “ॐ” लिखा सोने का लॉकेट और एक की-पैड मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शेष रकम उसने खर्च कर दी और कुछ पैसे नशे की हालत में खो गए। उसने नवंबर 2025 में रंका थाना क्षेत्र की एक अन्य दुकान से 50,000 रुपये चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं, तीन महीने पहले हुए 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी का मामला अब भी पुलिस के लिए अनसुलझा है।