logo

जमशेदपुर: मरीन ड्राइव पर LPG टैंकर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर: मरीन ड्राइव पर LPG टैंकर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर 

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी के पास मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात एलपीजी से भरा टैंकर से अचानक गैस रिसाव होने लगा। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। टैंकर चालक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। एचपी के एलपीजी टैंकर से गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही सोनारी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और एहतियातन मरीन ड्राइव पर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने कुछ घंटों के लिए उक्त रास्ते से किसी भी राहगीर के आवागमन और रोक लगा दी। घटना रात करीब 12 बजे की है।

एक ट्रक ने टैंकर को साइड से टक्कर मार दी

मिली जानकरी के अनुसार, एलपीजी टैंकर आदित्यपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक ने टैंकर को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टैंकर का नॉब टूट गया, जिससे गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। चालक की नजर रिसाव पर पड़ते ही उसने तत्काल टैंकर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन के साथ सोनारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी टीम ने मशक्कत के बाद टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित कर दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और टैंकर को आगे के लिए रवाना किया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर मरीन ड्राइव पर तत्काल यातायात रोक दिया गया

गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए सोनारी पुलिस ने टाटा स्टील और अग्निशमन विभाग को फोन कर मामले की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर अग्निशमन की गाड़ियों को भी बुलाया गया। आसपास बस्तियां होने के कारण पुलिस ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि टैंकर से गैस का रिसाव काफी तेज हो रहा था। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी। सुरक्षा के मद्देनजर मरीन ड्राइव पर तत्काल यातायात रोक दिया गया था। स्थिति सामान्य होने के बाद आवागमन शुरू कर दिया गया। टैंकर मालिक शिव मल्होत्रा ने जानकारी दी कि टैंकर हल्दिया से आदित्यपुर की ओर एक प्लांट में जा रहा था। लेकिन, एक अन्य वाहन के टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव होना लगा था।

Tags - LPG Tanker Gas Leakage Jamshedpur Police Road Safety