रांची:
AJSU के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने चांडिल डैम-शीशमहल में आयोजित कोल्हान प्रमंडल के प्रमंडलस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर बरसे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को ना तो झारखंड के इतिहास का बोध है और ना ही वर्तमान और भविष्य को लेकर कोई विजन और प्रतिबद्धता है।

32 महीनों के कार्यकाल में सरकार ने कुछ नहीं किया- सुदेश महतो
उन्होंने आगे कहा कि अपने 32 महीनों के कार्यकाल में सरकार ने ना तो कोई योजना बनाई और ना ही कोई रोडमैप तैयार किया। हाल ही में सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों से भी यही लगता है कि ये अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने में जुटे हुए हैं। अखबारों की सुर्खियों में बने रहनेवाली सरकार धरातल पर फिसड्डी है। एक तरफ यह सरकार 1932 खतियान की बात करती है और दूसरी ओर मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट के सर्टिफिकेट को नियोजन का आधार बनाती है। यह राज्य की जनभावनाओं के साथ धोखा है। अगर सरकार को झारखंडियों की फिक्र है तो प्रखंड स्तर नियुक्ति सुनिश्चित करे।
कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व एवं कार्य क्षमता ही पहचान
सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि कार्यकर्ता पद से नहीं पहचाना जाता, बल्कि कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व एवं कार्य क्षमता ही उनकी पहचान बनती है। आजसू पार्टी थोपे हुए नेताओं पर विश्वास नहीं करती बल्कि भीड़ से एक अदना से कार्यकर्ता को नेता बनाकर जनता को समर्पित कर देती है। राजनीति में यह प्रचलन रहा है कि वही नेता बन सकता है, जिसके पास लंबा अनुभव हो, जो आर्थिक रूप से संपन्न हो, जिसका नाम बड़ा हो। हम इस परिपाटी से निकलकर राजनीति को जनसाधारण के हाथों में दे रहे हैं। यही हमारी गुस्ताखी है। इसी मकसद के साथ हमने पूरे राज्य में एक लाख सक्रिय सदस्य तथा दस लाख साधारण सदस्य को तैयार करने का लक्ष्य रखा है। हमारा लक्ष्य एवं प्रतिबद्धता है कि हमारे हर एक कार्यकर्ता में इतिहास का बोध, वर्तमान का विश्लेषण तथा भविष्य का स्पष्ट दिशा हो।

दिग्भ्रमित कर सत्ता का आनंद लेना यही झामुमो की फितरत
सम्मेलन को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि जनता को दिग्भ्रमित कर सत्ता का आनंद लेना यही झामुमो की फितरत रही है। इन्हें कभी भी झारखंड और झारखंडियों की चिंता नहीं रही, बल्कि अपनी चिंता रही है। हाल ही के निर्णयों में इनकी ये चिंता को जनता भी समझ गई। अखबार, ट्विटर और सोशल मीडिया से बाहर निकलकर सरकार जमीनी हकीकत को टटोले, उनके बत्तीस महीनों के कार्यकाल का असलियत पता चल जाएगा।
आजसू झारखंडी विषयों के लिए सजग
मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं गोमिया के विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि सजग और सचेत रहकर झारखंडी विषयों के लिए आजसू पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। बड़े बड़े वादे कर सत्ता में आने वाली सरकार अपने मेनिफेस्टो के अनुसार दो कदम भी नहीं चली। स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर पर कोई काम नहीं हुआ, सड़क का हाल बदहाल है, अवैध खनन चरम पर है, झारखंडी संपदाओं की लूट जारी है।

जनभावना से जुड़े मुद्दों को लेकर आजसू हमेशा से मुखर
सम्मेलन को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो ने कहा कि झारखंडी जनभावना से जुड़े मुद्दों को लेकर आजसू पार्टी हमेशा से मुखर रही है। सकारात्मक राजनीति करना ही आजसू पार्टी की पहचान है। चाहे राज्य में किसी भी पार्टी की सरकार हो, झारखंडी हित और झारखंड के विकास के लिए सरकार कोई भी निर्णय लेगी, तो हम इसका स्वागत करेंगे। लेकिन सरकार के निर्णयों से अगर झारखंडियों का अहित हुआ, तो आजसू पार्टी चुप नहीं बैठेगी। कहा कि समृद्ध झारखंड के निर्माण हेतु तथा झारखंडी पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए आजसू पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।