logo

भय और अपराध मुक्त झारखंड के लिए सरकार प्रतिवद्धः राज्यपाल

rajjj.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि झारखंड में अपराध मुक्त वातावरण बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी है ताकि राज्य में भयमुक्त और अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। साइबर क्राइम पर नियंत्रण के लिए भी सरकार लगातार अभियान चला रही है। राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्राओं के माध्यम से राज्य को लगभग करोड़ों रुपए के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। झारखंड ने डब्लूईएफ में भाग लेकर वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी। इसके माध्यम से राज्य में निवेश की अनुकूल परिस्थिति पैदा करने की कोशिश की गयी।


अभिभाषण में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने बताया कि पूर्व में लागू मुख्यमंत्री अबुआ आवास और मुख्यमत्री मंइयां सम्मान योजना जैसी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इसके साथ ही वन क्षेत्र के विस्तार, पर्यटन विकास, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा, राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथ (हाइवे) के निर्माण और ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में सरकार गंभीरता और तेजी से काम कर रही है। आधारभूत संरचना विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राज्यपाल ने यह भी कहा कि सरकार उद्योग, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित क्षेत्रीय विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने सभी विधायकों से राज्य के सर्वांगीण विकास, शांति और प्रत्येक नागरिक की भलाई के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। आप इस सत्र की पूरी जानकारी झारखंड विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। 


 

Tags - Jharkhand Budget Session Governor Santosh Kumar Gangwar Address Crime Free Cyber ​​Crime Davos UK Travel Achievements