जनवरी से जून 2025 तक 661 हत्या और 922 बलात्कार की घटनाएँ, 39 डीएसपी पदस्थापन की प्रतीक्षा में
रांची
राज्य में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या और बलात्कार की घटनाएँ रोज़ सामने आ रही हैं। इस पर आजसू ने सरकार को घेरते हुए कहा है कि मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं। आजसू महासचिव और हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध ने आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से जून 2025 के बीच राज्य में 661 हत्या और 922 बलात्कार दर्ज किए गए। जुलाई से सितंबर के आंकड़े अब तक सार्वजनिक नहीं हुए हैं, लेकिन स्थिति और गंभीर बताई जा रही है।

संजय मेहता ने यह भी सवाल उठाया कि जब अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, तो 39 प्रशिक्षित डीएसपी पदस्थापन का इंतजार क्यों कर रहे हैं? ये सभी अधिकारी 7वीं से 10वीं JPSC के सफल अभ्यर्थी हैं और पिछले दो वर्षों से केवल "प्रशिक्षु" की भूमिका में हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए सरकार को उपलब्ध सभी मानव संसाधनों का उपयोग करना चाहिए। प्रशिक्षित अधिकारियों को फील्ड में जिम्मेदारी देने से ही हालात सुधर सकते हैं। आजसू ने आरोप लगाया कि सरकार सभी मोर्चों पर विफल साबित हो रही है। पार्टी ने साफ कहा कि जनमुद्दों पर आवाज उठाना उसका दायित्व है और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
.jpg)