रांची:
भारत के इतिहास में 2 अक्टूबर के दिन का एक खास महत्व है। यह दिन देश की दो महान विभूतियों के जन्मदिन के तौर पर इतिहास के पन्नों में दर्ज है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Father of the Nation Mahatma Gandhi) और पूर्व प्रधानमंत्री लाल भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री (Bharat Ratna Lal Bahadur Shastri) का जन्म आज ही के दिन हुआ था। पूरा देश आज इनकी जयंती मना रहा है। इस मौके पर पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर कोई बापू और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद कर रहा है। इस कड़ी में झारखंड में राज्यपाल रमेश बैस (Ramesh Bais) और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने रांची स्थित सर्वोदय आश्रम में बापू की प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

सीएम ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर शत-शत नमन। आज 2 अक्टूबर के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं एवं जोहार।

पूज्य बापू का जीवन व आदर्श मानव कल्याण के प्रति समर्पित
राज्यपाल रमेश बैस ने बापू के याद करते हुए लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन एवं श्रद्धांजलि। सत्य एवं अहिंसा के प्रतीक पूज्य बापू का जीवन व आदर्श मानव कल्याण के प्रति समर्पित था। उनके विचार हर पीढ़ी को मानवता के मार्ग पर चलने हेतु प्रेरित करता रहेगा।

भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए लिखा कि ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष से देश में नव-ऊर्जा का संचार करने वाले सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। उनकी सादगी, ईमानदारी एवं त्यागमय जीवन सदैव प्रेरणा का कार्य करेंगे।