logo

राज्य की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, एक साथ बैंक खातों में ₹7,500 ट्रांसफर

MMJJSY.jpg

रांची

जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को राहत मिली है। जिला प्रशासन ने योजना के लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ भेज दी है। प्रत्येक पात्र महिला को ₹7,500 की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में हस्तांतरित की गई।

कुल ₹274.99 करोड़ का हुआ भुगतान

जिला प्रशासन के अनुसार, इस चरण में जिले के 3,66,664 लाभुकों को योजना का लाभ मिला है। इसके लिए करीब ₹274.99 करोड़ की राशि जारी की गई है। भुगतान की प्रक्रिया आधार आधारित DBT प्रणाली के जरिए पूरी की गई, जिससे राशि सीधे लाभुकों के खातों में पहुंची।

प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड (31,094) में हैं। इसके बाद टाउन अर्बन (25,006), मांडर (22,885) और सिल्ली (21,031) में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला। वहीं बेड़ो, चान्हो, रातू, तमाड़, नगड़ी, नामकुम और ओरमांझी समेत अन्य प्रखंडों में भी हजारों लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई है।

बड़गाईं और ईटकी के पात्र लाभुकों को जल्द भुगतान

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां भी सभी पात्र लाभुकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। हालांकि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों के लिए भुगतान प्रक्रिया अभी जारी है। जिला प्रशासन का कहना है कि इन क्षेत्रों में भी जल्द ही सभी पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेज दी जाएगी।

Tags - Maiyan Samman YojanaJharkhand GovernmentDBT TransferRanchi NewsWomen Welfare Scheme