logo

गुमला की बेटी ने पुणे में जीता 'बेस्ट ट्राइबल क्वीन' का खिताब, झारखंडी परिधानों से रैंप पर बिखेरा जलवा

3e4eder.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की बेटियां आज सौंदर्य और मॉडलिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। हाल के वर्षों में रिया तिर्की जैसी प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, जिससे राज्य की युवतियों में फैशन और मॉडलिंग के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है। इसी कड़ी में गुमला जिले के डुमरी प्रखंड स्थित छोटे से गांव कपास गुटरा की प्रियंका मिंज ने भी एक नया मुकाम हासिल किया है।

गत रविवार को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित ब्लिंकफेयर अवॉर्ड नाइट शो में प्रियंका ने "बेस्ट ट्राइबल क्वीन झारखंड" का खिताब अपने नाम किया। यह शो सुप्रसिद्ध ब्लिंक ऑनलाइन मॉडलिंग एजेंसी द्वारा अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस प्रतिष्ठित एजेंसी ने अब तक देशभर में 25,000 से अधिक मॉडल और कलाकारों को मंच प्रदान किया है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 40 से अधिक मॉडल, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। शो के दौरान एथनिक और वेस्टर्न दोनों प्रकार के परिधानों की भव्य प्रस्तुति देखने को मिली। प्रियंका मिंज ने रैंप पर जब पारंपरिक झारखंडी आदिवासी परिधान में कदम रखा  जिसमें लाल पाड़ की साड़ी, पीठ पर छउवा का भेतरा, कमर में कुमनी और पारंपरिक गहनों से सजी थीं  तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

प्रियंका ने वेस्टर्न परिधान में भी अपनी प्रस्तुति दी, लेकिन आदिवासी परिधान में उनकी छवि और आत्मविश्वास ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें "बेस्ट ट्राइबल क्वीन झारखंड" का अवॉर्ड प्रदान किया गया।

अवार्ड समारोह में यह सम्मान उन्हें प्रसिद्ध मॉडल और ब्लिंक मॉडलिंग एजेंसी की संस्थापक प्रज्ञा शिंदे ने प्रदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मराठी फिल्मों के चर्चित अभिनेता राहुल जगपते थे, जिन्होंने स्वयं भी रैंप वॉक किया और उभरते मॉडल्स को अपनी आगामी फिल्मों में अवसर देने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय मॉडल दिशा जगवानी ने किया।



 

Tags - jharkhand News updates latest jharkhand news jharkhand News jharkhand News updates jharkhand News Updates latest updates jharkhand news updates