हजारीबाग
लोक आस्था का महापर्व (Festival of Public Faith) छठ (Chhath Puja) सिर पर है, लेकिन हजारीबाग (Hazaribagh) नगर निगम (Municipal Corporation) की तैयारियों की रफ्तार देखकर लगता है कि जिम्मेदारों को शायद पर्व की तारीख का ही इंतजार था। छठ घाटों पर स्टोन डस्ट (Stone Dust) बिछाने के लिए करीब 10 लाख रुपये की निविदा (Tender) निकाली गई है, लेकिन निविदा की समय-सारिणी (Tender Schedule) ही नगर निगम की कार्यशैली (Working Style) पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। छठ पर्व की शुरुआत 14 नवंबर से होनी है, जबकि नगर निगम की ओर से जारी निविदा प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू होकर 14 नवंबर को समाप्त होगी। यानी जिस दिन छठ महापर्व की शुरुआत होगी, उसी दिन स्टोन डस्ट बिछाने के काम के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। सवाल सीधा है जब काम शुरू करने का समय ही निकल रहा है, तो घाटों पर तैयारी कब होगी? क्या नगर निगम को छठ पर्व की तारीख पहले से मालूम नहीं थी?
निगम की योजना और कार्यप्रणाली दोनों पर सवाल
करीब 10 लाख रुपये के इस टेंडर ने निगम की योजना और कार्यप्रणाली दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी महत्वपूर्ण व्यवस्था के लिए निविदा समय रहते क्यों नहीं निकाली गई? क्या नगर निगम को अंतिम समय तक इंतजार करना जरूरी था? और अगर टेंडर लेने वाले संवेदक को काम मिलता भी है, तो क्या वह कुछ घंटों में शहर के सभी छठ घाटों पर स्टोन डस्ट बिछाने का काम पूरा कर पाएगा? मामले को लेकर हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने भी निविदा प्रक्रिया को गलत बताते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने छठ घाटों की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जाहिर की है। यानी अब सवाल केवल स्टोन डस्ट बिछाने का नहीं, बल्कि छठ व्रतियों के लिए बुनियादी सुविधाओं की तैयारी का भी है।
डिप्टी मेयर अविनाश कुमार ने किया हस्तक्षेप
वहीं, डिप्टी मेयर अविनाश कुमार का बयान इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना देता है। उनका कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान ही कई स्थानों पर स्टोन डस्ट गिराया जा चुका है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहले से गिराए गए स्टोन डस्ट की राशि काटकर शेष भुगतान संवेदक को किया जाएगा। लेकिन यहां सवाल है कि जब निविदा प्रक्रिया अब पूरी होनी है, तो दुर्गा पूजा के दौरान किए गए काम का भुगतान इसी निविदा के तहत किस आधार पर होगा? क्या पहले काम और बाद में टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जा रही है? यदि ऐसा है तो इसकी नियमसम्मत प्रक्रिया क्या है? सरकारी कामकाज में नियमों का पालन भी उतना ही जरूरी है, जितना काम पूरा करना।
अधिकारी ने फोन नहीं उठाया
इस पूरे मामले में नगर निगम के कार्यपालक अभियंता रमेश सिंह से कई बार टेलीफोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनसे यह जानना जरूरी था कि आखिर पर्व शुरू होने के बीच पूरी होने वाली इस निविदा की शर्तें क्या हैं? सबसे अहम बात, जब काम छठ पर्व के लिए बताया जा रहा है, तो निविदा में 90 दिनों की कार्य अवधि का प्रावधान किस उद्देश्य से रखा गया है? क्या यह काम इस वर्ष के छठ पर्व के लिए है या अगले वर्ष की तैयारी के नाम पर इसकी योजना बनाई गई है?
सवाल, जो उठ रहे हैं
नगर निगम से यह पूछना भी जरूरी है कि छठ जैसे पूर्व निर्धारित महापर्व के लिए तैयारी आखिरी समय तक क्यों टाली गई? क्या शहर के लाखों लोगों की आस्था से जुड़े इस आयोजन में भी कामकाज की रफ्तार टेंडर की तारीख देखकर तय होगी? छठ हर साल आता है, तारीख भी पहले से तय होती है, फिर भी तैयारी आखिरी वक्त पर क्यों? करीब 10 लाख रुपये की निविदा और 90 दिनों की कार्य अवधि के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस साल छठ व्रतियों को सुविधा मिलेगी या उन्हें नगर निगम की कागजी तैयारी के भरोसे ही घाटों तक पहुंचना पड़ेगा?