द फॉलोअप डेस्क
बड़कागांव थाना क्षेत्र के दो गांव पिपराडीह और कुम्हारडीहा में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने दोनों गांवों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। यह तनाव पिपराडीह निवासी दिनेश प्रजापति का शव एक पुराने कुएं से बरामद होने के बाद उत्पन्न हुआ।
दिनेश प्रजापति 6 जुलाई से लापता थे। उनकी पत्नी ने बड़कागांव थाने में आवेदन देकर कुम्हारडीहा गांव के सुभाष प्रजापति और महेश प्रजापति पर अपहरण का आरोप लगाया था। पत्नी के अनुसार यह पूरा मामला दिनेश प्रजापति द्वारा सुभाष प्रजापति को दिए गए कर्ज को लेकर था। जब दिनेश ने कर्ज वापस मांगा तो पत्नी को शंका हुई कि सुभाष और महेश ने मिलकर उनके पति का अपहरण कर लिया है।
10 जुलाई को दिनेश प्रजापति का शव महेश प्रजापति के घर से थोड़ी दूर एक पुराने कुएं से बरामद हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन उससे पहले ही गुस्साए पिपराडीह गांव के लोगों ने कुम्हारडीहा के महेश प्रजापति के घर पर हमला कर दिया। उन्होंने घर में आगजनी की, सामानों को तोड़ा और अपहरण के आरोपी सुभाष और महेश प्रजापति को ढूंढ़ने लगे। इस दौरान महेश प्रजापति के मिलने पर उनके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव फैल गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों गांवों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है और सभी मामलों की जांच की जा रही है।
मृतक दिनेश प्रजापति के परिजनों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने आरोपी को पकड़कर थाने को सौंपा था, लेकिन आरोपी को छोड़ दिया गया, यह कैसे हुआ? उन्होंने कहा कि महेश प्रजापति के घर पर किसने हमला किया, यह उन्हें नहीं पता, लेकिन यह सब प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने न्याय की मांग की है।
वहीं भीड़ द्वारा घर पर हमला और मारपीट में पिता को खो चुके महेश प्रजापति के पुत्र विकास कुमार ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि भीड़ को कानून हाथ में लेने की अनुमति किसने दी? उन्होंने 8 से 10 लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद भीड़ ने उनके घर पर हमला किया, तोड़फोड़ और लूटपाट की और उनके पिता की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी जान चली गई।
पड़ोसी रामजीत कुमार ने भी बताया कि जिस तरह से घर में तोड़फोड़ और लूटपाट हुई है, सब कुछ बर्बाद हो गया है। अब रहने के लिए घर भी नहीं बचा है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा देने और आरोपियों की पहचान कर सख्त सजा देने की मांग की है।
पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि वे अपना काम कर रहे हैं और सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही यह स्पष्ट कर दिया जाएगा कि दिनेश प्रजापति की हत्या कर शव कुएं में किसने डाला, और किन लोगों ने महेश प्रजापति के घर पर हमला कर आगजनी एवं मारपीट की, जिससे उनकी जान चली गई। सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
