logo

जमशेदपुर : पारडीह काली मंदिर के पास भारी जलजमाव, सड़क काटकर बनाया जा रहा रास्ता

chandil1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते कई जिलों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी क्रम में जमशेदपुर के एनएच-33 स्थित पारडीह काली मंदिर के समीप फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण गंभीर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। यह फ्लाईओवर वेव इंटरनेशनल होटल से लेकर मिनी पंजाब होटल तक बनाया जा रहा है।
निर्माण कार्य के दौरान सड़क चौड़ीकरण के चलते वहां मौजूद ड्रेनेज सिस्टम के ह्यूम पाइप को तोड़ दिया गया था। पाइप टूटने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाया, जिससे क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। मंदिर के ठीक सामने पटमदा से कटिंग की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 10 से 15 फीट तक पानी भर गया है। वहीं, पास ही स्थित आशियाना वुडलैंड सोसाइटी में लगभग 10 फीट तक जलजमाव हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़क पर चल रही यात्री बसें, पेट्रोल पंप की गाड़ियां और अन्य वाहन जल में फंस गए हैं। हालात को देखते हुए सरायकेला जिला प्रशासन बीती रात से ही अलर्ट मोड में है। पारडीह काली मंदिर के समीप सड़क को काटकर पानी की निकासी का रास्ता बनाया जा रहा है, वहीं ह्यूम पाइप भी मंगवाए गए हैं ताकि पानी जल्द निकाला जा सके। मौके पर चांडिल के SDO, ADC और कई अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि स्वर्णरेखा नदी (मांगो ब्रिज ) का खतरे का स्तर 121.50 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर 122.70मीटर दर्ज किया गया है। वहीं, खरकई नदी (आदित्यपुर ब्रिज ) का खतरे का स्तर 129 मीटर है और वर्तमान जलस्तर 131.950 मीटर है, जो खतरे के स्तर के ऊपर है।

 

Tags - latest jharkhand News jamshedpur Updates latest jamshedpur News Monsoon In jamshedpur latest News Latest updates latest News in Hindi Latest news jamshedpur rivers