logo

HEC कर्मचारियों ने केंद्र सरकार को 17 फरवरी का दिया अल्टीमेटम, कहा- वेतन का भुगतान करें नहीं तो होगा उग्र आंदोलन

hec_23.jpg

डेस्क:
HEC के कर्मचारी बीते 89 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे है। अधिकारियों को पिछले 15 महीने से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में एचईसी के अधिकारियों ने शनिवार को मानव श्रृंखला बना कर अपना विरोध दर्ज किया है। वहीं इस दौरान अधिकारियों ने केंद्र सरकार को 17 फरवरी तक का समय दिया है। अधिकारियों का कहना है हमने वेतन के भुगतान के संबध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित भारी उघोग मंत्री को पत्र लिखा है। इसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि अगर हमारी मांगे नहीं सुनी जाती है तो आने वाले समय में किसी भी तरह के आंदोलन की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।


बच्चों के स्कूल की फीस जमा नहीं कर पा रहे
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस स्थिति के कारण, वे अपने बच्चों के स्कूल की फीस का भुगतान नहीं कर पा रहे या परिवार के बीमार सदस्यों का इलाज नहीं करा पा रहे हैं। साथ ही इनमें से कुछ ने फल या चाय बेचना शुरू कर दिया है जिनमें अधिकारी भी शामिल हैं। एचईसी कर्मियों और अधिकारियों ने अपनी लड़ाई लड़ने के लिए एक संयुक्त मंच ‘एचईसी अधिकारी एवं कर्मचारी जनकल्याण संघ’ का गठन किया है।


राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को किया ईमेल
संघ के अध्यक्ष प्रेम शंकर पासवान ने बताया कि उन्होंने 23 जनवरी को ईमेल के जरिये राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) और अन्य का ध्यान अपनी दिक्कतों की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि ‘अगर जल्द ही हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हमें फरवरी में अदालत का रुख करना होगा।