logo

हो गया तय, कल ही हेमंत कैबिनेट के मंत्री लेंगे शपथ

हेमंत_14.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हेमंत कैबिनेट के मंत्री कल ही शपथ लेंगे। कल 3:30 बजे हेमंत मंत्रिमंडल के सभी मंत्री राजभवन में शपथ लेंगे। राजभवन के बिरसा मंडप में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। बता दें कि 7 बजे से सीएम आवास में सत्ता पक्ष की अहम बैठक बुलाई गई है। इस दौरान फ्लोर टेस्ट को लेकर और मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा होगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल (8 जुलाई) होने वाले झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विश्वास मत पेश करेंगे। वहीं बहुमत हासिल करने के तुरंत बाद हेमंत कैबिनेट का विस्तार होगा। बता दें कि पहले चर्चा थी कि कैबिनेट विस्तार के लिए 9 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन अब यह कल ही हो जाएगा। 


मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं दो नए चेहरे 
अब तक मिली जानकारी के अनुसार हेमंत कैबिनेट में चंपई सोरेन मंत्रिमंडल के सभी मंत्री शामिल होंगे। इसके लिए इरफान अंसारी और बैद्यनाथ राम के नाम नए चेहरे के तौर पर चर्चा में है।दरअसल, टेंडर कमीशन घोटाला में आलमगीर आलम की गिरफ्तारी और फिर मंत्रिपद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस कोटे के 3 ही मंत्री रह गये थे। आलमगीर आलम की जगह नया मंत्री बनाया जाना था। अब अल्पसंख्यक समुदाय से इरफान अंसारी ही एकमात्र विधायक हैं, इसलिए उनका मंत्री बनना तय है। हालांकि चांपई सोरेन हेमंत कैबिनेट में होंगे या नहीं यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। अगर चंपई सोरेन होंगे तो उन्हें कौन सा विभाग दिया जाएगा इस बारे में भी अब तक कोई जानकारी नहीं है।


हेमंत सोरेन ने 4 जुलाई को ली सीएम पद की शपथ
गौरतलब है कि झारखंड में तेजी से बदलते सियासी घटनाक्रम में 2 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले चंपाई सोरेन ने 2 जुलाई को इस्तीफा दे दिया। 4 जुलाई को जेल से छूटे हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाला केस के आरोप में ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने गिरफ्तारी के तुरंत बाद इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह वरीय झामुमो नेता और सियासत में कोल्हान टाइगर के नाम से मशहूर चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

Tags - JharkhandJharkhand newsCM hemant sorenHemant cabinet