logo

रामनवमी पर महिलाओं को हेमंत सरकार का तोहफा, तीन महीने की राशि एक साथ पहुंची खाते में 

हेमनत.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड की हेमंत सरकार ने मंईया सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाभुक महिलाओं को रामनवमी से पहले एक बड़ी राहत दी है। इस बार सरकार ने 1,23,111 लाभुकों के खातों में जनवरी, फरवरी और मार्च माह की कुल 7500 रुपये की राशि ट्रांसफर की है। ये लाभुक वे थे, जिनके बैंक अकाउंट आधार से लिंक नहीं होने के कारण होली के पहले उन्हें किस्त नहीं मिल पाई थी। होली के पहले 3,08,282 लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी, लेकिन इन लाभुकों के खाते आधार से लिंक न होने के कारण उन्हें लाभ नहीं मिल सका था।
रांची जिले की कुल 4,31,393 महिलाएं और किशोरियां अब राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं, इस बात की जानकारी रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दी।
अब अप्रैल से आधार लिंक खाता अनिवार्य
रांची जिले के सभी लाभुकों को सरकार ने निर्देश दिया है कि वे अपना बैंक खाता आधार से लिंक करवा लें। इसके बाद अप्रैल से योजना के तहत 2,500 रुपये प्रति माह की किस्त उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके साथ ही जिले के सभी बीडीओ और सीओ को सत्यापन फॉर्म उपलब्ध कराने और नियमानुसार सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्र में अंचल अधिकारियों को सीडीपीओ और समाज कल्याण शाखा के साथ समन्वय स्थापित कर सत्यापन प्रक्रिया को पूरा करने को कहा गया है।
साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की सलाह
सरकार ने सभी लाभुकों को साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। उन्हें बताया गया है कि वे अपने बैंक डिटेल्स और अन्य जरूरी दस्तावेजों को साझा करते समय पूरी सावधानी बरतें।
गौरतलब है कि 3 अप्रैल से तीन माह की किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। होली के पहले एक साथ तीन माह की किस्त जारी होने का असर सरहुल शोभा यात्रा के दौरान देखने को मिला, जब महिलाएं खूब खरीददारी कर रही थीं।

Tags - JHARKHANDJHARKHANDNEWSJHARKHANDPOSTCMHEMANTSORENHEMANTSORENMAYIYANSAMMANYOJNA