द फॉलोअप डेस्क
आज सुबह हमने आपको खबर दिखाई थी, जिसमें जामताड़ा के दुर्योधन मंडल कैंसर से पीड़ित हैं। फॉलोअप की इस खबर का बड़ा असर हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जामताड़ा डीसी को अविलंब परिवार को मदद पहुंचाने की बात कही है। सीएम ने डीसी को मामले की अविलंब संज्ञान लेते हुए सूचित करने को कहा है। दरअसल दुर्योधन मंडल की पत्नी करिश्मा देवी और उनके 10 साल के बेटे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की गुहार लगाई है। मामला जामताड़ा प्रखंड के बरजोरा गांव का है। 33 वर्षीय दुर्योधन मंडल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन के लिए 3 लाख रुपये की जरूरत है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इलाज रुका हुआ है।
.@dcjamtara अविलंब संज्ञान लें और दुर्योधन एवं उनके परिवार की मदद करते हुए सूचित करें। https://t.co/chKQicEZ7h
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) August 17, 2026

30 में से 24 रेडिएशन हो चुका
दुर्योधन के अनुसार, फरवरी 2026 में उन्हें शौच के दौरान तकलीफ शुरू हुई। स्थानीय निजी क्लिनिक में ट्यूमर बताया गया, लेकिन जब तकलीफ बढ़ी और वे एम्स देवघर पहुंचे, तो जांच में प्रथम स्टेज के कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद वे इलाज के लिए कोलकाता चले गए, जहां डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी और 3 लाख रुपये का खर्च बताया। दुर्योधन अब तक लोगों से कर्ज मांगकर करीब 2 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। फिलहाल उनका रेडिएशन उपचार चल रहा है। कुल 30 में से 24 रेडिएशन पूरे हो चुके हैं। आयुष्मान भारत योजना से रेडिएशन की सुविधा तो मिल रही है, लेकिन ऑपरेशन और अन्य दवाओं का भारी खर्च उठाना परिवार के बस से बाहर हो चुका है।