द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के कई जिलों में हाथियों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। अब हाथियों का एक झुंड धनबाद भी पहुंच गया है। इसके बाद ग्रामीणों में काफी दहशत है। हाथियों का झुंड जिले के अति नक्सल प्रभावित जंगली और पहाड़ी इलाकों से घिरा टुंडी थाना क्षेत्र पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार झुंड में कुल 30 से 40 हाथी हैं। हालांकि अभी तक किसी भी हताहत कोई खबर नहीं मिली है। इस बात की जानकारी वन विभाग की टीम और पुलिस को दे दी गई है।

वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड पर नजर बनाए हुए हैं
वन विभाग के अधिकारी और सभी प्रशासनिक अधिकारी लोगों से एहतिहात बरतने की अपील कर रहे हैं। साथ-साथ वह हाथियों के झुंड पर नजर बनाए हुए हैं। टुंडी थाना प्रभारी शारदा रंजन सिंह ने बताया कि 30 से 40 हाथियों का एक झुंड धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के दो मुंडा पहाड़ी के आसपास घूम रहा है। आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। साथ-साथ वन विभाग के अधिकारी और पुलिस विभाग के पदाधिकारियों पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द से जल्द लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

इटकी में धारा 144 लागू
बता दें कि बीते 4-5 दिनों से हाथियों ने झारखंड में उत्पात मचा रखा है। बीते दिन इटकी में भी हाथी का आतंक देखने को मिला था। यहां हाथियों ने 4 लोगों को पटक कर मौत के घाट उतार दिया था। जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में अगले आदेश तक धारा 144 लागू कर दिया। वहीं आसपास के जिले गिरिडीह,गुमला में भी हाथियों का आतंक देखने को मिला है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT