द फॉलोअप, रांची
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से होमगार्ड के जवानों को साल में 365 दिन ड्यूटी देने और सबको समान अवसर देने की मांग की है। यह भी कहा है कि राज्य सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो एसोसिएश हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर न्याय की अपील करेगा। यह निर्णय आज सुप्रीम कोर्ट परिसर में एसोसिएशन के विधिक सलाहकार एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अभय कांत मिश्रा के कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी, प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी सहित संगठन के कई अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में झारखंड के होमगार्ड जवानों की वर्षों से चली आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से प्रत्येक होमगार्ड को वर्षभर समान अवसर के साथ 365 दिवस ड्यूटी उपलब्ध कराने हेतु पारदर्शी, समान एवं न्यायसंगत ड्यूटी आवंटन एवं तैनाती नीति बनाए जाने पर जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि इस संबंध में राज्य सरकार के समक्ष विस्तृत ढंग से मांग रखी जाएगी। यदि सरकार युक्तिसंगत समयावधि के भीतर आवश्यक नीति का निर्माण नहीं करती है, तो झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन झारखंड उच्च न्यायालय के समक्ष रिट याचिका दायर कर उचित न्यायिक हस्तक्षेप की मांग करेगा।
