द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के रामगढ़ जिले के चुटूपालू घाटी में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर ने स्कूटी सवार लोगों को कुचल दिया। जानकारी के अनुसार रामगढ़-रांची फोरलेन की चुटूपालू घाटी पर कंटेनर ने स्कूटी सवार दो बच्चे,एक महिला और एक व्यक्ति को कुचल दिया। घटना स्थल पर ही चारों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर ने अनियंत्रित होकर एक स्कॉर्पियो को भी धक्का मार दिया। हालांकि स्कॉर्पियों सवार लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

कंटेनर ने स्कूटी को अपने चपेट में लिया
मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम की है। स्कूटी JH 01 EE-4687 जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कंटेनर ने स्कूटी को अपने चपेट में ले लिया। जिसमें दो बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर स्कार्पियों व स्कूटी को जब्त कर लिया है।

छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जानकारी मिलने पर वो घटनास्थल पहुंचे। शवों में कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान की कोशिश कर रही है। जब तक लोगों की पहचान नहीं हो पाती है तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता।