रांची:
राजधानी के तुपुदाना में डुगरी मोड़ स्थित रिंग रोड में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां बस औऱ ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई है। इस घटना में बस सवार 2 यात्रियों के मौत होने की खबर है। वहीं 40 लोग घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार भोली बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर होने से घटना हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए समर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया।

मरने वाले में एक रिटायर्ड फौजी
मृतक की पहचान खूंटी निवासी रिटायर्ड फौजी कोमल भुइयां के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान मारंगहादा निवासी जीतुआ पहान के रूप में की गयी है। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों जिन्हें रिम्स के ट्रॉमा सेंटर स्थित इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। इनमें सीमा उरांव (22), प्रीति उरांव (17) जोहन पूर्ति (55), पौलुस पूर्ति (62), सीता देवी (50), बिरसी (60), किरण केरकेट्टा (45), जेम्स सुशील केरकेट्टा और प्रभा भेंगरा के अलावा एक अज्ञात शामिल है। घटना की सूचना पर मृतक व घायलों के परिजन उन्हें देखने के लिए अस्पताल पहुंचे।

स्थानीय लोग काफी आक्रोशित
घटना के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित दिखे। लोग वाहन को आग के हवाले करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत कराया। लोगों के अनुसार, घटना बस चालक की लापरवाही से हुई है। पुलिस ने कहा है कि मामला की जांच की जा रही है। घटना होने की वजह का पता जल्द लगा लिया जाएगा। फिलहाल सभी घायल का इलाजरत है।