द फॉलोअप डेस्क
मिहिजाम में राष्ट्रीय राजमार्ग 419 (NH-419) पर कानगोई के पास आज एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही एक हुंडई आई ट्वेंटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे में कार के चालक और वाहन मालिक, भागलपुर के सुल्तानगंज निवासी 39 वर्षीय रितेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का एयरबैग खुलने के बावजूद चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के समय कार में तीन लोग सवार थे। घायलों में मिहिजाम कानगोई निवासी संतोष सिंह समेत दो अन्य शामिल हैं। दोनों घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय भंडारी ने बताया कि हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन एम्बुलेंस कर्मियों ने लगभग आधे घंटे तक घटनास्थल पर पहुंचकर सिर्फ पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस जीप में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक रितेश कुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक कानगोई में अपनी ससुराल आया था।
