पोटका:
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थानाक्षेत्र से दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तेतला पंचायत के खापरसाई गांव में बीती देर शाम एक दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या (committed suicide by hanging) कर ली। मृतक की पहचान कर्मवीर सरदार (23) और उसकी पत्नी अंगूरी सरदार के रूप में हुई। जब घर पर कोई नहीं था उसवक्त दंपति ने फांसी लगाई थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब परिजन घर लौटे और दोनों को लटका पाया। लोगों ने तुरंत इस बात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो साल पहले हुई थी शादी
इस घटना के लेकर मृतक के भाई धर्मवीर सरदार ने बताया कि कर्मवीर और अंगूरी की शादी दो साल पहले हुई थी. उसकी एक बेटी भी है। शादी के बाद से ही दोनो के बीच छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। बीती शाम वह घर से बाहर गया हुआ था। जब वह घर वापस आया तो उसकी बेटी की रोने की आवाज सुनी। घर के अंदर जाकर देखा तो कर्मवीर और उसकी पत्नी अंगूरी सरदार फंदे से लटके हुए थे। इधर ग्राम प्रधान शत्रुधन सरदार ने बताया कि उन्हें घर वालों ने जानकारी दी। जब वे उसके घर पहुंचे तो देखा कि दोनो के शव को खाट में लिटाकर रखा गया था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।