द फॉलोअप डेस्क
निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत पोरदाग में शनिवार को उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक ट्रक से दो सौ पेटी रॉयल कैसियो ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शराब की खेप को छुपाने के लिए ट्रक के भीतर लोहे का विशेष चेंबर तैयार किया गया था। बाहर से ट्रक पूरी तरह खाली नजर आ रहा था, लेकिन जब टीम ने शक के आधार पर गहन तलाशी ली, तो चेंबर के भीतर छिपाई गई भारी मात्रा में शराब का खुलासा हुआ।
कार्यवाही के दौरान जैसे ही ट्रक चालक को घेराबंदी का आभास हुआ, वह ट्रक छोड़कर भागने लगा। हालांकि, उत्पाद टीम के जवानों ने करीब 200 मीटर तक पीछा कर उसे धर दबोचा। पकड़े गए चालक की पहचान सुखविंदर सिंह, निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देव सिंह के निर्देशन में उत्पाद अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। कार्रवाई में उत्पाद अवर निरीक्षक मनीष कुमार, गृह रक्षा विभाग के जवान राम बच्चन यादव, सुरेंद्र यादव, विनोद यादव, जयदेव यादव, एवं सशस्त्र बल के जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
पकड़े गए ट्रक को पपरवाटांड़ स्थित उत्पाद कार्यालय लाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप बिहार के पटना भेजी जा रही थी। ज्ञात हो कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में झारखंड के रास्ते होकर अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को तस्करी के मजबूत नेटवर्क पर एक कड़ा प्रहार माना जा रहा है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
