नंदलाल तुरी
पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित अवैध लॉटरी बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनीरामपुर गांव में की गई। जानकारी के अनुसार, पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीरामपुर गांव में प्रतिबंधित अवैध लॉटरी का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के बाद एसपी ने एसडीपीओ डीएन आजाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
गठित टीम जैसे ही मनीरामपुर गांव पहुंची, पुलिस की गाड़ी देखकर कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो लोगों को खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मंजारुल शेख और डालीम मोमिन के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनीरामपुर गांव के ही रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 1210 प्रतिबंधित अवैध लॉटरी टिकट और 6 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बरामद लॉटरी टिकट की अनुमानित कीमत सवा लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में एसडीपीओ डीएन आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
.jpeg)