द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत पंचमुखी गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध पत्थर खदान में डूबने से 12 वर्षीय सौरभ कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, बरकट्ठा प्रखंड के बदाई गांव निवासी सौरभ कुमार गुरुवार की शाम करीब 4 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से क्रिकेट खेलने के लिए निकला था। खेलते-खेलते बच्चे पंचमुखी गांव के पास स्थित एक अवैध पत्थर खदान के समीप पहुंच गए। इसी दौरान सौरभ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी से भरे खदान में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।

घटना के बाद साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने तत्काल खदान में उतरकर और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सौरभ को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और रातभर बच्चे के शव को खदान से बाहर निकालने की कोशिश करते रहे।
.jpg)
बताया जा रहा है कि घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई थी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। वहीं स्थानीय लोग पंप के माध्यम से खदान का पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि बच्चे के शव को बाहर निकाला जा सके। इस संबंध में बरकट्ठा अंचलाधिकारी नवीन भूषण कुल्लू ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। एनडीआरएफ की टीम रास्ते में है और जल्द ही मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को बाहर निकाल लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खदान को लेकर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।