logo

हैप्पी होली : ये महिलायें बना रही हैं हर्बल रंग ताकि आपकी होली ज्यादा खूबसूरत हो

holi2022.jpg

बोकारो: 


होली। रंगों का त्योहार। रंग, जिंदगी में उमंग भर देता है। पूरी दुनिया ही रंगों से भरी है। होली में रंगों का महत्व और भी बढ़ जाता है। हमारी दुनिया और त्योहार को और भी रंगीन औऱ खूबसूरत बनाते हैं वो जो रंग बनाते हैं। यहां बात होगी, ऐसी ही कुछ महिलाओं की जो होली के लिए रंग बनाती हैं। साफ-सुथरा और हर्बल रंग। 

सृजन नाम की संस्था से जुड़ी हैं महिलायें
माहौल होलियाना हो गया है। हर तरफ फगुआ गीत सुनाई देते हैं। पिचकारियों का बाजार सजा है। इसी बीच बोकारो में एक महिला समूह होली के लिए रंग बना रही हैं। बोकारो का ये महिला समूह प्राकृतिक तरीके से अबीर-गुलाल और लिक्विड रंग तैयार करता है। महिलायें सूखा और गीला, दोनों ही तरह का रंग बनाती हैं। ये सभी महिलायें सृजन नाम की संस्था से जुड़ी हैं। इस महिला समूह का नाम है रजनीगंधा महिला सृजन स्वंय सहायता समूह। 

केमिकल वाले रंगों के इस्तेमाल से बचिए
दरअसल, बीते कुछ वर्षों से होली के मौके पर ऐसे रंग बाजार में आ गए हैं जिनमें केमिकल मिला होता है। ये रंग आपकी त्वचा और आंखों को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में डॉक्टर्स हर्बल रंग का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। रंग बना रही इन महिलाओं का कहना है कि खुद से बनाए रंग से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। महिलायें रंग बनाने के लिए मेहंदी, आरारोट, पलाश और गेंदा सहित कई तरह के फूलों का इस्तेमाल करती हैं। महिलायें मानती हैं कि इससे त्वचा में निखार भी आता है। 

होली में उमंग हो..परेशानियां नहीं
तो आप भी इस होली हर्बल रंग का इस्तेमाल कीजिए। ग्रीन होली मनाइये। त्योहार ऐसे मनाइये कि उमंग हो। मजा आए, ना कि किसी प्रकार की परेशानी हो जाये।