logo

गढ़वा में SIR की प्रक्रिया अंतिम चरण में, गांवों में पहुंचकर DC ने मतदाताओं से की पूछताछ

गढ़वा में SIR की प्रक्रिया अंतिम चरण में, गांवों में पहुंचकर DC ने मतदाताओं से की पूछताछ

गढ़वा :
Garhwa News:
गढ़वा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसे लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गढ़वा के उपायुक्त पीएन मिश्रा ने 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी स्वयं गांवों में पहुंचे और मतदाताओं से सीधे बातचीत कर एसआईआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की पांचवीं बैठक
SIR की प्रक्रिया को लेकर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया गया। बैठक के माध्यम से निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की गई।

लगमा और कोरबा गांव पहुंचकर डीसी ने लिया जायजा
उपायुक्त पीएन मिश्रा ने 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के लगमा स्थित मतदान केंद्र संख्या 206, 207 और 208 का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। वहीं, 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के रमना प्रखंड अंतर्गत कोरबा गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 340 पर पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान डीसी ने लोगों से मतदाता सूची में नाम दर्ज होने, परिवार में नए मतदाताओं की संख्या और किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटने जैसे विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। उन्होंने यह भी जानने का प्रयास किया कि निर्वाचन कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों में किसी प्रकार की कमी तो नहीं रह गई है।

योग्य मतदाताओं का नाम छूटने की हो रही जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले में SIR की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि निर्वाचन कर्मियों ने अपना कार्य सही तरीके से किया है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूट तो नहीं गया है। गढ़वा जिले में दो विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र (गढ़वा-रंका) और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान सभी योग्य मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हों और निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।

Tags - Garhwa SIR Voter Revision Garhwa DC Jharkhand News