logo

गुमला : NCORD बैठक में ब्राउन शुगर और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का DC ने दिया निर्देश

wertyut_cf.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला में आज उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक गुमला हरीश बिन ज़मां की संयुक्त अध्यक्षता में NCORD समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री व उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में कड़ी और ठोस कार्रवाई करें। उपायुक्त ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग, सूचना तंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालयों (विशेषकर कक्षा 8 से उच्च विद्यालय तक) में जाकर छात्रों को नशा से दूर रहने हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मां ने कहा कि जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों एवं बाहरी नागरिकों पर विशेष निगरानी रखी जाए। अन्य शहरों से ब्राउन शुगर एवं नशीले पदार्थों के अवैध आयात-निर्यात की संभावना को देखते हुए कड़े निगरानी तंत्र की आवश्यकता है। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक गुमला, एसडीओ सदर, सीडीओ चैनपुर, एसडीओ बसिया, सभी एसडीपीओ, जिला सामान्य शाखा पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


 

Tags - Latest jharkhand news Gumla News updates  Gumla news updates latest Gumla News latest Gumla news gumla News in Hindi Gumla news updates