logo

मानसून सत्र में सूर्या हांसदा एनकाउंटर, अटल क्लीनिक विवाद और शिक्षा पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

भाजपा_बैठक.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज विधानसभा के चालू मानसून सत्र को लेकर गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। बैठक के बाद मीडिया ब्रीफिंग में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने अपनी जानकारियां साझा कीं।

नवीन जायसवाल ने बताया कि झारखंड विधानसभा के इस छोटे मानसून सत्र में एनडीए गठबंधन राज्य के महत्वपूर्ण व ज्वलंत विषयों को सदन में जोर-शोर से उठाएगा। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस की बर्बरता” तथा “ध्वस्त विधि व्यवस्था” गठबंधन के एजेंडे में प्रमुख मुद्दे हैं। एनडीए का स्पष्ट मानना है कि आदिवासी कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की जानलेवा घटना एक फर्जी एनकाउंटर है, और यह क्षेत्र की जनता और परिवार की राय के अनुसार साजिशन हत्या थी। इसलिए पार्टी इस विषय पर “CBI जांच” कराने की मांग पर अडिग है और इसे सदन में उठाएगी।
उन्होंने आगे उल्लेख किया कि जो दल लोकतंत्र की बात करते हैं झामुमो, कांग्रेस, राजद वह सत्ता में आते ही लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। साथ ही नई “यूनिवर्सिटी संशोधन बिल” से विश्वविद्यालय शिक्षा को भी कमजोर किए जाने का प्रयास हो रहा है। सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए राज्यपाल के अधिकारों को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है और कुलपतियों की नियुक्ति अपने अधिकार में लेना चाह रही है।

इसके अलावा, नवीन जायसवाल ने उस निर्णय की कड़ी आलोचना की, जिसमें भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अपमान करते हुए “अटल क्लीनिक” का नाम बदलकर “मदर टेरेसा क्लीनिक” कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह झारखंड निर्माता श्रद्धेय अटल जी एवं झारखंड का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा व सहयोगी दल सदन में इसका विरोध करेंगे।
बैठक में राज्य में भारी वर्षा से किसानों की फसलों विशेषकर भदई की क्षति का मुद्दा, यूरिया खाद की कालाबाजारी एवं महंगे दामों पर किसानों की मजबूरी का मुद्दा, पूर्व विधायक सुरक्षा का असंतुलन जहां सत्ता पक्ष के नेता बॉडीगार्ड्स पाते हैं, वहीं एनडीए के पूर्व विधायकों का गार्ड हटाया जा रहा है और बेरोजगारी व परीक्षाओं में कथित धांधली जैसे प्रश्न भी सदन में उठाए जाने का संकल्प लिया गया।

आजसू विधायक निर्मल महतो ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो को मिल रही जान से मारने की धमकी को गंभीरता से लेते हुए सदन में उठाने की बात की। वहीं, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने एनडीए की बैठक में उठाए गए गंभीर मुद्दों को सदन में मिलकर उठाये जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में  जदयू विधायक सरयू राय, भाजपा विधायक सी.पी. सिंह, सचेतक राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, सत्येंद्र तिवारी, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, देवेंद्र कुंवर, प्रदीप प्रसाद, रोशनलाल चौधरी, पूर्णिमा दास साहू, मंजू कुमारी और उज्जवल दास उपस्थित थे।


 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand NDA baithak NDA meeting Jharkhand Meeting news jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand news updates jharkhand news