द फॉलोअप डेस्क
राजधानी में होली और शब-ए-बरात को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। असामाजिक तत्वों से निपटने की पूरी तैयारी कर ली गई है। वहीं, त्योहारों को लेकर मंगलवार को डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। अल्बर्ट एक्का चौक से एकरा मस्जिद, कर्बला चौक से काली मंदिर होते हुए वापस अल्बर्ट एक्का चौक पर जाकर फ्लैग मार्च समाप्त हुआ है। इस फ्लैग मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स के पदाधिकारी व जवान, कई डीएसपी और थानेदार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

शांति-भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
डीसी व एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि वह शांति और भाईचारे से पर्व-त्योहार मनाएं। पदाधिकारियों के अनुसार विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। पर्व में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इधर, सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालें। शांति और भाईचारे के साथ पर्व त्योहार मनाने की अपील लोगों से करें। वहीं, एएसपी मूमल राजपुरोहित के नेतृत्व में कांके चौक, ब्लॉक चौक, सुकुरहुट्टू होचर आदि जगहों पर भी फ्लैग मार्च निकाला गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT