देवघर
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू सोमवार को देवघर पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और नारेबाजी के बीच उन्हें अगले कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया।
राजू संथाल क्षेत्र के दौरे पर हैं और यहां पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकों और संवाद का सिलसिला जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य की सभी सीटों पर दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है और इसके लिए हर स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है।

जिलाध्यक्षों के साथ गहन समीक्षा
देवघर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में के. राजू ने बताया कि वह संथाल क्षेत्र के सभी जिला अध्यक्षों से समीक्षा बैठक करेंगे। इसके जरिए संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक की तैयारियों पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि इसके बाद पूरे प्रदेश के नेताओं के साथ मिलकर एक व्यापक योजना बनाई जाएगी, जिससे कांग्रेस राज्य की राजनीति में और अधिक सशक्त रूप में उभर सके।
उन्होंने विशेष रूप से बूथ लेवल एजेंट्स की भूमिका पर जोर दिया और कहा कि SIR (एसआईआर) जैसी चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए पार्टी को जमीनी स्तर तक सक्रिय रहना होगा. इसी क्रम में वह पाकुड़, साहिबगंज, दुमका और गोड्डा जिलों का भी दौरा करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।

पीएम मोदी पर साधा निशाना
मणिपुर दौरे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए के. राजू ने कहा कि “मणिपुर जल रहा था, तब राहुल गांधी सबसे पहले वहां पहुंचे थे, लेकिन प्रधानमंत्री को जाने में दो साल लग गए.” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और पीएम जनता के पास केवल अपनी जरूरत के अनुसार जाते हैं, जबकि कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकार और हितों के लिए संघर्ष करती रही है और करती रहेगी। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय दुबे, जिला अध्यक्ष उदय प्रकाश, मुन्नम संजय, दिनेश मंडल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
