द फॉलोअप डेस्क
इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी रांची पहुंच गए हैं। वह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां वह सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर प्रेस वार्ता कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और केशव महतो कमलेश भी उनके साथ मौजूद हैं। सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात के समय झामुमो और कांग्रेस के तमाम सांसद भी उपस्थित रहेंगे। बताया जा रहा है कि बी. सुदर्शन रेड्डी विपक्षी गठबंधन की रणनीति के तहत राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटा रहे हैं। रांची दौरा भी इसी क्रम का हिस्सा है, जहां वह सांसदों से अपने समर्थन में वोट करने की अपील करेंगे।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि महागठबंधन की ओर से बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। दोनों उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उपराष्ट्रपति पद का चुनाव 9 सितंबर को होगा, और उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी।
